सिवनी/राकेश यादव संवाददाता/ 20 गांव के सरपंच ओवरलोड के नाम पर की जा रही विद्युत कटौती के संबंध में ज्ञापन देने विद्युत सेवा केंद्र बंडोल पहुंचे। आश्चर्य की बात यह रही कि विद्युत सेवा केंद्र में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। सेवा केंद्र एक आउटसोर्स कर्मचारी के भरोसे छोड़ दिया गया था।
सरपंचों का कहना है कि विद्युत मंडल द्वारा घोषित विद्युत कटौती की जा रही है। नवरात्रि के त्यौहार में माता-बहनों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है और पूजा-पाठ में परेशानी हो रही है। सरपंचों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द विद्युत कटौती बंद नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल, वाहन चालक फरार
सिवनी। बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कलारबाकी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलारबाकी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सड़क पर घायल अवस्था में पड़े बाइक सवार को देखकर ग्रामीणों ने मानवता का परिचय दिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपने निजी वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।









