सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत विराट नगर इलाके में रविवार देर रात एक बड़ी वारदात होते-होते टल गई। रामपुर बागेलन में पदस्थ मजिस्ट्रेट आनंद बागरी के किराए के मकान में 7–8 बदमाशों ने डकैती का प्रयास किया। इस मामले का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जहां अलार्म के चलते वारदात टल गई, वहीं अब चोरों के हौसले कितने बुलंद है, इसका अंदाजा उनकी हद से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मजिस्ट्रेट के घर तक को निशाना बना दिया।
खिड़की को रॉड डालकर तोड़ा
जानकारी के अनुसार, लगभग रात 1 बजे बदमाश घर के पीछे स्थित खिड़की में रॉड डालकर उसे तोड़ते हुए अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का मोशन सेंसर सक्रिय हो गया और अलार्म बज उठा। अलार्म की आवाज सुनते ही मजिस्ट्रेट आनंद बागरी की नींद खुल गई। उन्होंने आवाज लगाई, जिससे घबराकर बदमाश मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
निशाने पर था वरिष्ठ पत्रकार निरंजन शर्मा घर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार निरंजन शर्मा के घर भी बदमाशों ने वारदात का प्रयास किया था, जिससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। मजिस्ट्रेट बागरी के घर में आधा दर्जन से अधिक बदमाशों का शामिल होना घटना की गंभीरता को दर्शाता है। सौभाग्य से सीसीटीवी अलार्म के चलते एक बड़ी वारदात टल गई। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुट गई है।









