सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत राजेन्द्र नगर में एक चौकीदार ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाने के साथ डंडे से हमला कर अधेड़ का सिर फोड़ दिया, तो वहीं इस हरकत से भड़की पब्लिक ने आरोपी को पीट दिया, क्योंकि वो चौकीदार की हरकत से गुस्साए थे, जिसके बाद उनका गुस्सा फूट पड़ा, और उन्होंने जमकर चौकीदार की लू उतार दी।
नशे की हालत में पहुंचा था चौकीदार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रघुराजनगर तहसील कार्यालय में तैनात कोटवार जियालाल दाहिया, निवासी राजेन्द्र नगर, गली नंबर-12, मंगलवार की रात को तकरीबन 8 बजे नशे की हालत में अपने घर की गली में पहुंचा और आने-जाने वाले राहगीरों एवं दुकानदारों से बेवजह गाली-गलौज करने लगा। तब वहां पहुंचे हेमंत तिवारी पुत्र स्वर्गीय जगदीश तिवारी 52 वर्ष, निवासी राजेन्द्र नगर गली नंबर-14 ने उसकी हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह घायल हो गए।
दोनों को ले जाया गया हॉस्पिटल
उसकी यह हरकत देखकर मोहल्ले के लोग भड़क गए और चौकीदार जियालाल को पकड़र डंडे से जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसे भी चोट आ गई। इस घटनाक्रम की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हेमंत व जियालाल को हॉस्पिटल ले गई। मेडिकल रिपोर्ट और जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवाद और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।









