बिजली कंपनी द्वारा फीडरों के रखरखाव और जरूरी मरम्मत कार्य के कारण शनिवार को शहर के बड़े हिस्से में बिजली कटौती रहेगी. नगर संभाग पूर्व और केंद्रीय नगर संभाग के तहत आने वाले विभिन्न इलाकों में मरम्मत का काम किया जाना है. इसके चलते प्रभावित क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक और कुछ जगहों पर दोपहर 3 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. ऐसे में संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को अपने जरूरी काम पहले से निपटाने की सलाह दी गई है.
नगर संभाग पूर्व में इन इलाकों में थमेगी सप्लाई
पूर्व संभाग में 11 केवी गालव पार्क फीडर के तहत सुबह 10 से 2 बजे के बीच गालव पार्क, विकमपुरा, छावरी मार्केट, गुरुकृपा और देवपुंडीयाधाम जैसे क्षेत्रों में बत्ती गुल रहेगी. इसके अलावा 11 केवी ब्लू लोटस-दो फीडर से जुड़े क्षेत्रों और शिवाजी नगर में भी इसी अवधि के दौरान सप्लाई बाधित रहेगी. 11 केवी बास्टन कालेज फीडर से जुड़े मॉडल टाउन, सिरोल गांव, एमपी सिटी कालेज, बास्टन कालेज और एमपीबी कालोनी में भी 4 घंटे तक पावर कट रहेगा.
उधर 33 केवी एमइएस फीडर पर काम होने की वजह से सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक लाल टिपारा सीवेज प्लांट, सिविल अस्पताल और उससे जुड़े इलाकों में बिजली बंद रहेगी. 11 केवी सीपी कालोनी फीडर से सीपी कालोनी, हक्सर कालोनी, सात नंबर चौराहा और शीतला कालोनी में सप्लाई नहीं मिलेगी. वहीं 11 केवी एसएलपी कालेज फीडर के तहत शूरी नगर, आदित्य नगर, लोचन नगर, एसएलपी कालेज क्षेत्र और लाल साहब का बगीचा क्षेत्र प्रभावित रहेंगे.
इसके अलावा बंशीपुरा, गोशाला और खटीक मोहल्ला फीडर से जुड़े इलाकों बंशीपुरा, महेशपुरा, परसादीपुरा, सूर्यापुरा, लाल टिपारा, हाथीखाना, तिकोनिया, गौशाला, संकट मोचन नगर, केशव विहार, कंपनी बाग रोड, मीट मार्केट, न्यू दुर्गा कालोनी और रिसाला बाजार में भी सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक कटौती झेलनी पड़ेगी.
लक्ष्मीगंज और आसपास के इलाकों में 4 घंटे रहेगा पावर कट
केंद्रीय नगर संभाग के तहत आने वाले रामद्वारा फीडर पर भी सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक सुधार कार्य चलेगा. इस वजह से रामद्वारा, हरे शिव, एबी रोड, सात भाई की गोठ, टोपेवाला मोहल्ला, नारायण कालोनी, सांडे बाबा की बगिया, जच्चा खाना, बाई साहब की परेड, लक्ष्मीगंज एबी रोड, प्रिया ब्रेड फैक्ट्री, नगर निगम वर्कशाप, पाटनकर का बाड़ा और ढोली बुआ का पुल जैसे इलाकों में चार घंटे तक बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी.







