Mohan Cabinet Expansion: मध्यप्रदेश् की मोहन सरकार के कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की है। बंद कमरों में हुई इस लंबी चर्चा के बाद मध्य प्रदेश से लेकर दिल्ली तक की सियासत का पारा चरम पर पहुंच गया है।
तस्वीरों के साथ संदेश
मुलाकात के ठीक बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बैठक की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा है कि आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। हालांकि दोनों ही खेमों की तरफ से इस मुलाकात को पूरी तरह से औपचारिक और एक सौजन्य भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनैतिक गलियारों में इस मुलाकात को मोहन कैबिनेट विस्तार से जोड़ा जाने लगा है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर मंथन
राजनैतिक जानकारों का दावा है कि मध्य प्रदेश में आगामी मोहन मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दोनों नेताओं के बीच लंबी चर्चा हुई है। अटकलें तेज हैं कि सिंधिया खेमा अपने कुछ और वफादार विधायकों को मोहन कैबिनेट में मलाईदार पदों पर एड्जस्ट कराने की जुगत में है। कयास यह भी हैं कि पार्टी संगठन के आगामी बड़े कार्यक्रमों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पद को लेकर दोनों दिग्गजों के बीच बिसात बिछाई गई है। इस बैठक के बाद मध्य प्रदेश के उन विधायकों की धड़कनें तेज हो गई हैं, जो लंबे समय से भोपाल दरबार में मंत्री पद की आस लगाए बैठे हैं।









