सिवनी/खबर डिजिटल/ राकेश यादव/ Seoni Dhan Mahotsav: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे धान महोत्सव का शुभारंभ करेंगे तथा किसानों और श्रमिकों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत 16,754 श्रमिक परिवारों को लगभग 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का वितरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह दौरा किसानों, श्रमिकों और आमजन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसानों, श्रमिकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।









