सिवनी/खबर डिजिटल/ कान्हीवाड़ा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम ड्यूटी में प्रशासनिक और पुलिस की उदासीनता के चलते अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से फलफूल रहा है। बार-बार लिखित शिकायत देने के बाद भी जब पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो तंग आकर गांव की महिलाओं ने स्वयं कानून और सुरक्षा की कमान अपने हाथों में ले ली। महिलाओं ने हाथों में डंडे लेकर एकजुट होकर अवैध शराब के खिलाफ कड़ा मोर्चा खोल दिया है और रात्रि के समय गांव में खुद ही सर्च ऑपरेशन चलाना शुरू कर दिया है।
खेतों की टपरियों और दुकानों से हो रहा संचालन
ग्रामीण महिलाओं के अनुसार, गांव की मुख्य सड़क पर बनी तीन दुकानों और खेतों के भीतर बनाई गई तीन अलग-अलग टपरियों में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। शराब ठेकेदार के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह गांव के अंदर तक शराब की होम डिलीवरी करवा रहा है। इस अवैध कारोबार के कारण गांव के युवा और यहाँ तक कि स्कूली छात्र भी तेजी से नशे के गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है।
सागर हादसे के बाद ग्रामीणों में बढ़ा खौफ
मध्य प्रदेश के सागर जिले में हाल ही में जहरीली शराब पीने से हुई दर्दनाक मौतों की घटना के बाद से ड्यूटी ग्राम के लोग और अधिक सहम गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध और मिलावटी शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई, तो कान्हीवाड़ा क्षेत्र में भी कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द ही इन अवैध अड्डों पर ताले नहीं लगाए, तो उनका यह आंदोलन और अधिक उग्र होगा।









