सिवनी केवलारी से वन्देवार संतोष/ खबर डिजिटल/ सिवनी जनपद पंचायत सिवनी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खैरी में इन दिनों ग्रामीण भारी अव्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी का शिकार हो रहे हैं। आलम यह है कि पंचायत में ताला लटका रहता है, जिससे ग्रामीणों के बुनियादी और जरूरी काम पूरी तरह से ठप हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई दिनों तक पंचायत के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन मौके पर न तो सरपंच मिलते हैं और न ही सचिव का कोई पता रहता है।
काम काज पूरी तरह ठप, चक्कर काट रहे ग्रामीण
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खैरी में जिम्मेदार पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण ताला लटकना आम बात हो गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाएं और मजदूरी भुगतान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए लोग परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कृषि कार्य का सीजन होने के बावजूद उन्हें अपने जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के लिए जनपद कार्यालय तक की दौड़ लगानी पड़ रही है।
जिम्मेदारों की लापरवाही से आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है हम अपनी समस्याओं को लेकर जब भी पंचायत भवन आते हैं, तो वहां ताला लटका मिलता है। सरपंच और सचिव के फोन या तो बंद आते हैं या वे संतोषजनक जवाब नहीं देते। ऐसा लगता है कि पंचायत भगवान भरोसे चल रही है।
इस प्रशासनिक लापरवाही के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और ग्राम पंचायत खैरी में नियमित रूप से ताला खुलने व सरपंच-सचिव की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
MP Police Transfer List: एक साथ 64 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले, देखें सूची - Khabar Digital
अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पंचायत की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ और ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वे जनपद मुख्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि इस गंभीर लापरवाही पर जनपद पंचायत सिवनी के उच्च अधिकारी क्या एक्शन लेते हैं।









