सिवनी/संतोष बन्देवर/ मध्य प्रदेश सिवनी जिले के कामता पंचायत मे कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम शिकायत सौंपकर सरपंच, उनके पति और पंचायत सचिव पर भ्रष्टाचार, अभद्र व्यवहार और विकास कार्यों में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार, बीते पांच वर्षों से ग्राम पंचायत कामता में विकास कार्यों में अनियमितताएं हो रही हैं। आरोप है कि 27 जुलाई को आयोजित ग्राम सभा के दौरान सरपंच, उनके पति और सचिव द्वारा ग्रामीणों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने वाले ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस को भी बुलाना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में कई निर्माण कार्यों और शासकीय योजनाओं में वित्तीय गड़बड़ियां हुई हैं। शिकायत में स्टॉप डैम निर्माण, मनरेगा तथा अन्य विकास कार्यों में अनियमितता और लाखों रुपये के गबन के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पंचायत के सभी कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।







