सिवनी/राकेश यादव/ सिवनी शहर में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए सिवनी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले तीन माह में जब्त किए गए 65 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में की गई, ताकि इन साइलेंसरों का दोबारा उपयोग न हो सके।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इस दौरान एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी कोतवाली सतीश तिवारी तथा यातायात प्रभारी विजय बघेल मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात थाना द्वारा 50 तथा कोतवाली थाना द्वारा 15 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए थे। इन सभी 65 साइलेंसरों को एक साथ रोड रोलर से नष्ट किया गया।
सिवनी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में केवल कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। तेज आवाज एवं पटाखे जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर यातायात नियमों का उल्लंघन हैं और इससे आम नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों, मरीजों एवं बच्चों को परेशानी होती है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









