सिवनी/khabardigital.com/ राकेश यादव/ Seoni Weather Update: जिले में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए तेज आंधी और तूफान के साथ जोरदार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगे कई सांकेतिक बोर्ड और पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खरीदी केन्द्रों पर खुले में रखी गेहूं की फसल बारिश में भीग गई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका सताने लगी है।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने हाईवे अधिकारियों को सूचना दी। कई स्थानों पर सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू किया गया ताकि यातायात सुचारू हो सके।
मौसम विभाग ने भी आगामी घंटों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।









