जबलपुर की अधारताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने और विदेश यात्रा करने के आरोपी शमीम कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को शहर के आदर्श नगर इलाके से धर दबोचा। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने नागपुर से कूटरचित और फर्जी दस्तावेज लगाकर पासपोर्ट तैयार कराया था, जिसके सहारे वह दुबई में भी फरारी काट चुका है।
आपको बता दे कि आरोपी शमीम कबाड़ी पर पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में खजरी खिरिया स्थित उसके कबाड़खाने में एक भीषण विस्फोट हुआ था, जिसमें कुछ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। मामले की जानकारी देते हुए अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य आपराधिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है।









