डेस्क। कोलारस से बीजेपी विधायक महेंद्र यादव के खतौरा गांव स्थित रिहायशी परिसर में बने दो मंदिरों के ताले तोड़कर बदमाश मूर्तियों पर चढ़े आर्टिफिशियल गहने चुरा ले गए। खास बात यह रही कि मंदिर में रखी दानपेटी सुरक्षित मिली, जिससे माना जा रहा है कि चोर नकली गहनों को असली समझकर अपने साथ ले गए।
सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी ने देखा टूटा ताला
घटना का खुलासा रविवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। रोज की तरह पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो देखा कि परिसर में बने गायत्री मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर के मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। मंदिर के अंदर जाकर देखा तो मूर्तियों के हार और कंगन गायब थे। इसके बाद पुजारी ने विधायक के कर्मचारियों और इंदार थाना पुलिस को सूचना दी।
स्टाफ की बाइक भी चुराई, पीछा करने पर छोड़कर भागे चोर
वारदात के दौरान चोर विधायक के स्टाफ की एक बाइक भी चुरा ले गए। पुलिस के मुताबिक, रात में गश्त के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों पर नजर पड़ी तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई। पुलिस से बचने के लिए बदमाश तेज रफ्तार से भागे, लेकिन घिरता देख गांव के तालाब के पास बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इंदार थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात में ऐसे लोगों का हाथ हो सकता है जिन्हें परिसर की जानकारी थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
नकली गहनों को समझ बैठे असली
मंदिर में रखी दानपेटी को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। इससे शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि बदमाशों का निशाना मूर्तियों पर चढ़े गहने थे, जिन्हें वे सोना-चांदी का समझ बैठे। बाद में पता चला कि वे आर्टिफिशियल गहने थे।
ये खबर भी पढ़ें..









