सीधी/ बृजेश पाण्डेय/ खबर डिजिटल/ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कन्या महाविद्यालय के पास बुधवार को एक मामूली सी रकम के पीछे बड़ा विवाद हो गया। चाउमीन के पैसे चुकाने के दौरान हुए 10 रू. के मतभेद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जिसमें एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। इस संघर्ष में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
ऑनलाइन पेमेंट और विवाद की शुरुआत
जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन निवासी 19 वर्षीय अंशू पाठक अपने दोस्तों के साथ चाउमीन खाने गया था। भुगतान के समय अंशू ने गलती से 20 रू. की जगह 30 रू. ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जब उसने 10 रू. वापस मांगे, तो ठेला संचालक रावेन्द्र साहू के साथ उसकी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में हाथापाई और गाली-गलौज होने लगी।

चाकू से हमला और अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारपीट के दौरान आक्रोशित ठेला संचालक ने चाकू निकालकर युवक पर हमला कर दिया। हमले में अंशू गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष का संचालक भी संघर्ष में चोटिल हुआ है। अचानक हुई इस चाकूबाजी से कॉलेज के पास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया।


अवैध ठेलों पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने कन्या महाविद्यालय के पास संचालित हो रहे अवैध ठेलों पर रोष जताया है। लोगों का कहना है कि यहां आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









