खबर digital News संवाददाता कटनी-- बरसात के मौसम में बढ़ते सर्पदंश और मानव-सर्प संघर्ष की घटनाओं के बीच कटनी वन मंडल ने बड़ा कदम उठाते हुए सर्प रेस्क्यू एवं सर्पदंश जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस विशेष प्रशिक्षण में वन विभाग, पुलिस, नगर निगम, होमगार्ड और स्थानीय सर्प मित्रों सहित 50 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने विषैले और गैर-विषैले सांपों की पहचान से लेकर सर्पदंश की स्थिति में जीवन बचाने वाले प्राथमिक उपचार और सुरक्षित रेस्क्यू तकनीकों की बारीक जानकारी दी। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि घबराहट और अंधविश्वास नहीं, बल्कि सही जानकारी ही सर्पदंश से होने वाली मौतों को रोक सकती है।कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा लाइव डेमो, जिसमें प्रशिक्षुओं को सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने, रेस्क्यू करने और प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वन विभाग का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित सर्प मित्रों की टीम तैयार करना है जो आपात स्थिति में तत्काल और सुरक्षित कार्रवाई कर सकें।समापन अवसर पर बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय एवं बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में स्थानीय सर्प मित्रों को सर्प रेस्क्यू किट वितरित की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशिक्षित सर्प मित्र न केवल लोगों की जान बचाने का कार्य कर रहे हैं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण की महत्वपूर्ण कड़ी भी बन चुके हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सर्पदंश से होने वाली घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और भविष्य में भी नियमित प्रशिक्षण आयोजित करने की मांग उठाई।"डर नहीं, जागरूकता ही बचाएगी जान" — इसी संदेश के साथ कटनी में सर्प संरक्षण और जनसुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
सांपों से जंग की तैयारी! कटनी में 50 से ज्यादा ‘सर्प योद्धाओं’ को मिला विशेष प्रशिक्षण
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









