आलीराजपुर/ कुलदीप खराड़ीया/ खबर डिजिटल/ विधानसभा क्षेत्र के सोंडवा ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक से पूर्व सभी कार्यकर्ताओं ने प्रसिद्ध काजल रानी माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद कार्यकर्ता संगठन सुदृढ़ करने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा के लिए बैठक में शामिल हुए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद लंबे समय से रिक्त है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में अपेक्षित गति नहीं आ पा रही है। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी से आग्रह किया कि जल्द निर्णय लेकर जिला अध्यक्ष की नियुक्ति की जाए।
इस अवसर पर आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि इस पद पर शीघ्र नियुक्ति होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े जनहित के मुद्दों पर प्रभावी आवाज उठाने और आगामी पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है।
बैठक में भाया भाई, उत्तम भाई मुंडला, जितेंद्र मोरी, धनसिंह, राजू चौहान, सरपंच झमराला, चीतल पवार, धीरेंद्र सरपंच आचपाई सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही कई जनपद सदस्य और पूर्व सरपंच भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला अध्यक्ष के लिए कई अनुभवी दावेदारों के नाम चर्चा में आए, जिनमें दिलीप पटेल, कैलाश चौहान, राजेंद्र टवली और साहनी मकरानी शामिल हैं।









