त्योंथर रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ मध्य प्रदेश के रीवा जिले के त्यौंथर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनी के पूर्व विधायक के पैतृक गांव कोनी खुर्द में ग्रामीण, वर्षों पुराने आवागमन के रास्ते के लिए भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक दबंग व्यक्ति ने तालाब की भीट से गुजरने वाला रास्ता बंद कर दिया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटवारी से लेकर एसडीएम तक शिकायत के बाद अब जनपद पंचायत सीईओ ने जांच कर रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए हैं।
Gold Price Today: 4 दिन की गिरावट के बाद सोना फिर हुआ महंगा, चांदी 100 रुपए सस्ती
त्यौंथर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कोनी के कोनी खुर्द गांव में तालाब की भीट पर बसे ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के एक दबंग व्यक्ति ने वर्षों पुराने सार्वजनिक आवागमन के रास्ते को बंद कर दिया है। विडंबना यह है कि पूर्व विधायक (श्यामलाल द्विवेदी जी) के गांव के ग्रामीण आज अपने ही गांव में रास्ते के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सरपंच के लेटरपैड पर आवेदन देकर एसडीएम एवं तहसील कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए रास्ता तत्काल खुलवाने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलते ही जनपद पंचायत त्यौंथर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण बांसोड ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और रास्ता बहाल कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले में ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द रास्ता नहीं खुलवाया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।







