डेस्क। गर्मियों का मौसम इंसानों के साथ-साथ पौधों के लिए भी चुनौती लेकर आता है। कई लोग यह सोचते हैं कि घर के अंदर रखे इंडोर प्लांट्स धूप से दूर रहते हैं, इसलिए उन पर गर्मी का असर कम होता होगा। लेकिन बढ़ता तापमान, गर्म हवाएं और घर के अंदर की रूखी हवा पौधों की सेहत पर बुरा असर डाल सकती है। इसका असर सबसे पहले पत्तियों पर दिखाई देता है, जो पीली पड़ने लगती हैं और धीरे-धीरे पौधे कमजोर होकर मुरझाने लगते हैं।
अगर आपके घर या ऑफिस में रखे इंडोर प्लांट्स भी गर्मियों में बेजान नजर आने लगे हैं, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर उन्हें फिर से हरा-भरा रखा जा सकता है।

पौधों को एक साथ रखने से बनी रहती है नमी
गर्मियों में इंडोर प्लांट्स को अलग-अलग जगह रखने के बजाय उन्हें एक साथ समूह में रखना बेहतर माना जाता है। जब कई पौधे पास-पास रखे जाते हैं, तो वे आसपास प्राकृतिक नमी बनाए रखते हैं।
पौधों की पत्तियों से निकलने वाली नमी हवा को संतुलित करने में मदद करती है। इससे आसपास का वातावरण ज्यादा सूखा नहीं होता और पौधों की मिट्टी में भी नमी लंबे समय तक बनी रहती है।

पत्तियों पर पानी का स्प्रे करना भी है जरूरी
सिर्फ जड़ों में पानी देना कई बार पर्याप्त नहीं होता। गर्मियों में कमरे की हवा काफी सूखी हो जाती है, जिससे पत्तियां जल्दी प्रभावित होती हैं।
ऐसे में एक स्प्रे बोतल में साफ पानी भरकर दिन में कम से कम एक बार पौधों की पत्तियों पर हल्का छिड़काव करना चाहिए। यह तरीका खासकर बड़े पत्तों वाले पौधों जैसे मनी प्लांट, एरिका पाम और मॉन्स्टेरा के लिए फायदेमंद माना जाता है। इससे पत्तियों के किनारे सूखने या झुलसने की संभावना कम होती है।
ज्यादा पानी देना बन सकता है नुकसान की वजह
कई लोग पौधों को मुरझाता देखकर बार-बार पानी डालने लगते हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देना पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बंद कमरे में अधिक पानी की वजह से गमले की मिट्टी ज्यादा गीली हो जाती है, जिससे जड़ों के सड़ने का खतरा बढ़ जाता है। पौधों को पानी देने से पहले उंगली को मिट्टी में लगभग एक इंच तक डालकर जांच लें। अगर मिट्टी सूखी महसूस हो तभी पानी दें।

गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के अनुसार पौधों को पानी देने का सबसे सही समय सुबह का होता है। सुबह पानी देने से पौधे पूरे दिन नमी बनाए रखते हैं और गर्मी का असर कम पड़ता है। इन आसान टिप्स को अपनाकर आप गर्मियों में भी अपने इंडोर प्लांट्स को स्वस्थ, हरा-भरा और लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं।
सुबह के समय करें पौधों की देखभाल
ये खबर भी पढ़ें..









