मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में स्थित सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने बाजी मार ली है. बेहद अहम माने जा रहे इस मुकाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विष्णु पाटीदार को 960 वोटों के निर्णायक अंतर से शिकस्त दी. चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजपा खेमे में जश्न का माहौल बन गया. समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पटाखे फोड़े और अनोखे अंदाज में जेसीबी मशीन के जरिए विजयी प्रत्याशी पर फूलों की बारिश कर उनका भव्य स्वागत किया.
75.96 फीसदी वोटिंग के साथ मतदाताओं ने दिखाया था उत्साह
स्थानीय राजनीति के लिहाज से सुसनेर का यह उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए साख का सवाल बना हुआ था. नगर परिषद के कुल 15 वार्डों में निष्पक्ष मतदान के लिए 17 केंद्र स्थापित किए गए थे, जहां आम जनता में काफी उत्साह देखा गया. क्षेत्र के कुल 13,843 पंजीकृत मतदाताओं में से 10,515 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जिससे कुल 75.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई थी. मतगणना पूरी होने के साथ ही अब नतीजों ने शहर के सियासी समीकरणों पर मुहर लगा दी है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई, बोले- 'सुसनेर में खिला विकास का कमल'
सुसनेर में मिली इस कामयाबी पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदीप सोनी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि सुसनेर में एक बार फिर विकास का कमल खिल गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय क्षेत्र की जनता के अटूट विश्वास और भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है. उन्होंने इस जीत का श्रेय सुसनेर की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों को दिया. दूसरी तरफ, 960 वोटों से मिली इस हार के बाद कांग्रेस खेमे में निराशा है.









