रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ रीवा-मऊगंज में सिंथेटिक ड्रग का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। मऊगंज पुलिस ने बिजौली गांव में छापेमारी कर सिंथेटिक ड्रग बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक किलो ड्रग बरामद की।
वहीं अगले ही दिन रीवा पुलिस ने गढ़ थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में कार्रवाई कर एक सप्लायर और उसके साथी से तीन किलो सिंथेटिक ड्रग जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मऊगंज में गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन रीवा के सोनबरसा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे दोनों जिलों की कार्रवाई के बीच सीधा कनेक्शन सामने आ रहा है।
अब सवाल यह भी उठ रहा है कि सिंथेटिक ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रतिबंधित केमिकल, जो केवल लाइसेंसधारकों को उपलब्ध होता है, आखिर एक कथित अवैध फैक्ट्री तक कैसे पहुंचा? पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क, केमिकल सप्लायर और इस हाई-प्रोफाइल ड्रग सिंडिकेट की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।









