सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी-- प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन और युक्तियुक्तकरण को लेकर शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई तहसील, ग्राम पंचायत अथवा प्रशासनिक इकाई का गठन करते समय भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, अधोसंरचना, आवागमन तथा मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।बैठक में आयोग के सचिव अक्षय कुमार सिंह, सदस्य मुकेश शुक्ला, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।आयोग अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि प्रशासनिक पुनर्गठन का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ और जनोन्मुखी प्रशासन उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी नई प्रशासनिक इकाई के गठन से पहले जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी राय ली जाए। इसके बाद समन्वय स्थापित कर प्रस्ताव कलेक्टर को भेजे जाएं, जिन पर विचार कर आयोग को अनुशंसा भेजी जाएगी।बैठक में स्पष्ट किया गया कि नए परिसीमन में जनसंख्या संतुलन, भौगोलिक दूरी, औद्योगिक क्षेत्र, सड़क संपर्क, बिजली, पानी, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आयोग ने यह भी कहा कि यदि कोई क्षेत्र भौगोलिक आधार पर किसी अन्य तहसील या जिले से अधिक जुड़ा हुआ है तो उस पहलू पर भी विचार किया जाएगा।आयोग के सदस्य श्री मुकेश शुक्ला ने पोर्टल आधारित प्रश्नावली, प्रशासनिक पदों की स्थिति, प्राकृतिक सीमाएं, आवागमन, संसाधन, आर्थिक गतिविधियां, सामाजिक संरचना और कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं सचिव श्री अक्षय कुमार सिंह ने लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा के अनुरूप आयोग की कार्यप्रणाली समझाई।बैठक में बताया गया कि आम नागरिक और जनप्रतिनिधि आयोग के पोर्टल www.mpaurc.mp.gov.in के माध्यम से प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन संबंधी सुझाव दे सकते हैं। प्राप्त सुझावों पर जिला प्रशासन विचार कर आयोग को अपनी अनुशंसा भेजेगा।कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने आश्वस्त किया कि आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कर प्रस्ताव भेजे जाएंगे। बैठक से पहले कटनी तहसील कार्यालय में सचिव श्री अक्षय सिंह की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए।
भौगोलिक स्थिति के आधार पर होगा तहसील व ग्रामों का परिसीमन : एस.एन. मिश्रा
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









