रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के त्योंथर में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब भाजपा के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी शिलापट्टिका में अपना नाम नहीं होने से नाराज नजर आए। कार्यक्रम के पूजन के दौरान उनकी नाराजगी सामने आई और नारेबाजी शुरू हो गई।
देखते ही देखते पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक सिद्धार्थ तिवारी के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई और कार्यक्रम के दौरान तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ,
लेकिन दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक तल्खी कैमरे में कैद हो गई। एक ओर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने तहसील भवन को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार की उपलब्धि बताया, तो दूसरी ओर पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने पलटवार करते हुए त्योंथर की राजनीति और पुराने घटनाक्रमों को लेकर सवाल खड़े किए।









