खबर Digital News रिपोर्टर /कटनी तेवरी- स्लीमनबाद के ग्राम तेवरी में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नेशनल हाईवे किनारे और स्कूल के ठीक सामने लगी स्ट्रीट लाइट की करीब 1500 मीटर लंबी बिजली केबल रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है। इस चोरी के बाद पूरा क्षेत्र रात में अंधेरे में डूब गया है और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले सड़क किनारे आम का पेड़ गिरने से स्ट्रीट लाइट की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। उम्मीद थी कि संबंधित विभाग तत्काल मरम्मत कर व्यवस्था बहाल करेगा, लेकिन मरम्मत होने के बजाय पूरी केबल ही गायब हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि चोरी हुई केबल की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि करीब 1500 मीटर लंबी केबल को काटकर और समेटकर ले जाना कोई मामूली काम नहीं है। घटना स्थल नेशनल हाईवे के किनारे और स्कूल के सामने स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी का किसी को पता नहीं चला, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि यदि संबंधित विभाग और प्रशासन समय रहते क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत और निगरानी करता, तो न तो सरकारी संपत्ति चोरी होती और न ही पूरा गांव अंधेरे में डूबता। लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट बंद होने से रात के समय दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों का खतरा भी बढ़ गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गई केबल जल्द बरामद की जाए, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा गांव की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में केवल जांच का भरोसा देता है या फिर सरकारी संपत्ति की चोरी का पर्दाफाश कर जिम्मेदारों को कानून के कठघरे तक भी पहुंचाता है।इस मामले मे तेवरी सचिव हिमांशु कुशवाहा का कहना है बाहर गए हुए थे आज थाने मे शिकायत दर्ज करा दी जाएगी
हाइवे किनारे 1500 मीटर स्ट्रीट लाइट केबल चोरी! पूरा गांव अंधेरे में, लाखों की सरकारी संपत्ति पर हाथ साफ
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









