जब कविता हृदय और संसार के बीच एक संवाद बन जाए, तो शब्द केवल शब्द नहीं रह जाते, वे भावनाओं, स्मृतियों और जीवन के अनगिनत रंगों को स्वर देने लगते हैं। ऐसे ही भावपूर्ण और विचारोत्तेजक साहित्यिक संध्या में क्लब लिटरेटी द्वारा प्रख्यात कवयित्री डॉ. वीणा सिन्हा (Dr. Veena Sinha Poetry) के काव्य-संग्रह ‘द स्काई इज़ अलाइव एंड वेटिंग’ (The Sky is Alive and Waiting) पर विशेष पुस्तक चर्चा का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन 7 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे अरैरा क्लब बैंक्वेट हॉल में होगा। इस विशेष साहित्यिक चर्चा का संचालन अरुणा एम. राव (Aruna M Rao) करेंगी। वे डॉ. वीणा सिन्हा से उनके काव्य-संग्रह की प्रेरणा, उनकी रचनात्मक यात्रा तथा उनकी कविताओं को आकार देने वाले विचारों और अनुभूतियों पर सार्थक संवाद (Hindi Book Discussion) करेंगी।
डॉ वीणा सिन्हा द्वारा रचित कविताओं में पीड़ा, व्यथा, संघर्ष, विरह, प्रेम, ममता और जीवन के अनेक अनकहे पहलुओं को अत्यंत संवेदनशीलता और खूबसूरती के साथ अभिव्यक्त किया गया है।
काव्यात्मक रूपकों और आत्मीय संवादधर्मी शैली के माध्यम से डॉ. सिन्हा की कविताएँ मनुष्य के अंतर्मन के बीच सहजता से आवाजाही करती हैं। उनकी कविताएँ पाठकों को ठहरने, सोचने और रोजमर्रा की दुनिया में छिपी असाधारण सुंदरता को नए आश्चर्य के साथ देखने के लिए प्रेरित करती हैं।
आयोजनकर्ता क्लब लिटरेटी की संस्थापक प्रोफेसर सीमा रायजादा के अनुसार यह आयोजन केवल एक पुस्तक पर चर्चा तक ही सीमित नहीं होगा, बल्कि शब्दों के साथ ठहरने, भावनाओं को महसूस करने और कविता के माध्यम से जीवन को एक नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर बनेगा।









