जबलपुर/मनीष तिवारी/ खबर डिजिटल/ जबलपुर के थाना खितौला पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पालीवाल कॉलोनी स्थित एक सूने मकान में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का सफल पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम भरदा पडरिया पनागर निवासी अंकित पटेल, आकाश पटेल और शनि पटेल को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने 11 जून की रात कमलनारायण सोनी के किराए के मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 212.3 ग्राम सोने के आभूषण तथा 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण अनुमानित कीमत 31,65,200 रूपय जब्त किए हैं। इसके अलावा चोरी के रुपयों से खरीदी गई एक ऑल्टो कार तथा ₹54,000 की नकद राशि भी बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में बीएनएसएस की प्रासंगिक धाराएं बढ़ाते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है, जिससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।









