एसपी अभिनय विश्वकर्मा की उपस्थिति में जेके सीमेंट प्लांट में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कटनी – पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के नेतृत्व में जिले में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम को लेकर सतत जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बड़वारा अंतर्गत जेके सीमेंट प्लांट में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि “सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा कवच हैं। हमें कानून के डर से नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी समझकर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
साथ ही जेके सीमेंट प्लांट के प्रबंधन को निर्देशित करते हुए कहा कि “कार्यस्थल से ही सुरक्षा की शुरुआत होनी चाहिए। यदि कोई कर्मचारी हेलमेट के बिना ड्यूटी पर आता है, तो उसके लिए ‘NO HELMET – NO ATTENDANCE’ नीति को प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि सुरक्षा की आदत विकसित हो।”
इस अवसर पर प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों एवं आसपास के नागरिकों को लगभग 500 उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, जेके सीमेंट प्लांट मैनेजर आशीष, थाना प्रभारी यातायात राहुल पांडे, थाना प्रभारी बड़वारा उनि के.के. पटेल सहित प्लांट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में कटनी पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि “यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें ।”
एसपी अभिनय विश्वकर्मा की उपस्थिति में जेके सीमेंट प्लांट में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









