अमरपाटन (मैहर)/खबर डिजिटल/अनुराग सिंह/ मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर-खरमसेड़ा में शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। मृत बैल को कुएं से निकालने के प्रयास में एक के बाद एक चार लोग कुएं में उतरे, जिनमें से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनिवास कुशवाहा के कुएं में एक बैल मृत अवस्था में पड़ा था।
उसे बाहर निकालने के लिए गांव के यादव परिवार के चार लोग पहुंचे। बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक व्यक्ति कुएं में उतरा और कुछ ही देर में बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दूसरा, फिर तीसरा और चौथा व्यक्ति भी क्रमशः कुएं में उतर गया। देखते ही देखते सभी की हालत बिगड़ गई।
घटना में कृष्ण कुमार यादव (पिता रामदास यादव), बीरेन्द्र यादव (पिता जगदीश प्रसाद यादव) तथा राहुल यादव (पिता मोतीलाल यादव) की मौत हो गई। वहीं रामचंद्र यादव (पिता मानु यादव) को गंभीर अवस्था में पहले सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीनों युवकों को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार एवं समाज के तीन युवकों की असामयिक मृत्यु की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंच गए।
अमरपाटन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटे हैं। चिकित्सकों के अनुसार मृतकों के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक आशंका है कि कुएं में जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
शुक्रवार 7 जुलाई को अमरपाटन थाना अंतर्गत खरमसेड़ा गांव के शिवपुर टोला में कुएं के अंदर हुई तीन मौतों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने आज प्रदूषण विभाग फोरेंसिक वैज्ञानिकों की टीम को कुएं की जांच के लिए मौके पर भेजा था। जांच दल प्रमुख वैज्ञानिक जी के बैग के अनुसार कुएं के अंदर मीथेन गैस प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। कार्बन डाइऑक्साइड की ज्यादा मात्रा ओर आक्सीजन भी बहुत कम लेबल पर पाया गया। कुएं को बैरिकेटिंग कर बैक फिलिंग करने के सुझाव प्रशासन को दियां है।
अमरपाटन पुलिस ने आज सुबह से ही निर्विवाद इस बड़े मामले में डाक्टरों की टीम गठित कर तीनों मृतकों के पीएम करवाकर परिजनों के हवाले किया।
ग्रामीणों ने उठाया भयानक कदम गनीमत थी नहीं हुआ कोई हादसा।
वैज्ञानिकों की जांच में किए गए खुलासे से असंतुष्ट ग्रामीणों ने कर डाला नया प्रयोग। कुएं के अंदर जहरीली गैस की जांच के लिए एक बकरे को रस्सी में बांध कर कुएं में उतारा गया और कुछ मिनट बाद वापस ऊपर लाया गया तब भी बकरा जीवित अवस्था में निकला जिससे ग्रामीणों ने खतरनाक गैस से वैज्ञानिक जांच को अपुष्ट किया। गनीमत थी इस दौरान कई लोग कुएं के पास दुबारा गए लेकिन कोई हादसा नहीं हुआ।









