सिवनी/राकेश यादव/ नेशनल हाईवे 44 स्थित बंडोल बायपास चौराहे पर सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट लकी राय मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुआ। घटना के बाद बंडोल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। नेशनल हाईवे 44 पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने चिंता जताते हुए प्रशासन से चौराहे पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।









