MP Bjp Politics: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री आवास में मंत्रियों के ढाई साल के काम-काज की समीक्षा के लिए आयोजित की गई अग्निपरीक्षा अब एक बड़े सियासी विवाद में तब्दील हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया है कि इस समीक्षा बैठक के दौरान मोहन सरकार के दो मंत्रियों के बीच जमकर खींचतान हुई। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, बंद कमरे की यह कलह मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में खुलकर सामने आई।
जीतू पटवारी का दावा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को हुई वन-टू-वन बैठक पर तंज कसते हुए एक सनसनीखेज खुलासा किया है। पटवारी के अनुसार अलीराजपुर जिले की प्रभारी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने अपनी ही सरकार के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान पर हमला बोला। संपतिया उइके ने मुख्यमंत्री और संगठन के बड़े कप्तानों के सामने मंत्री नागर सिंह चौहान को सरेआम शराब व्यापारी कह दिया। गौरतलब है कि ये दोनों ही आदिवासी नेता अलीराजपुर जिले से आते हैं, जहां आपसी राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई लंबे समय से चल रही है।
क्या सीएम लेंगे एक्शन?
इस कथित विवाद को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है। सिंघार ने सरकार की नीति और नीयत पर कड़े सवाल खड़े करते हुए लिखा है कि भाजपा की यह महत्वपूर्ण बैठक मंत्रियों के कामकाज के परफॉर्मेंस रिव्यू के लिए बुलाई गई थी, लेकिन यह मंच मंत्रियों द्वारा एक-दूसरे पर शराब कारोबार से जुड़े होने के गंभीर आरोप लगाने का अखाड़ा बन गया। मुख्यमंत्री जी को जनता को जवाब देना चाहिए कि क्या वे इस तरह के गंभीर आरोपों के बाद अपने मंत्री पर कोई दंडात्मक कार्रवाई करेंगे? या फिर भाजपा सरकार में माफिया राज ही नया नियम बन चुका है?
10 मंत्रियों की परीक्षा बाकी
आपको बता दें कि सरकार और संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय महामंथन में पहले दिन 20 मंत्रियों का वन-टू-वन इंटरव्यू पूरा हो चुका है, जबकि बाकी 10 मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड जांचा जाना अभी बाकी है। लेकिन पहले ही दिन मंत्रियों की आपसी गुटबाजी और तीखे आरोपों के लीक होने से इस समीक्षा बैठक का पूरा नैरेटिव बदल गया है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर आक्रामक है और इसे कैबिनेट के अंदर भ्रष्टाचार और गुटबाजी के प्रमाण के रूप में जनता के बीच भुनाने की तैयारी में जुट गई है।









