खबर डिजिटल संवाददाता कटनी-- मध्यप्रदेश शासन द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति ने रविवार को कटनी में व्यापक जनपरामर्श बैठक आयोजित कर विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए। शासकीय तिलक महाविद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में सामाजिक, विधिक एवं प्रशासनिक पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य एवं कानूनविद् अनूप नायर ने की। उन्होंने बताया कि समिति विवाह, भरण-पोषण, विवाह विच्छेद, उत्तराधिकार तथा अन्य पारिवारिक कानूनों से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर राज्य शासन को व्यवहारिक एवं जनहितकारी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।बैठक में खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पर्यावरणविद् निर्भय सिंह, समाजसेवी मोहन नागवानी, शिक्षाविद् डॉ. चित्रा प्रभात समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने सुझाव रखे।समिति ने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता के विषय में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में जनपरामर्श बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आम नागरिकों से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए राज्य शासन द्वारा विशेष वेबसाइट विकसित की गई है, जिसका हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विमोचन किया है।बैठक में बताया गया कि इच्छुक नागरिक यूसीसी से संबंधित अपने सुझाव ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट ucc.mp.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने इसे समाज के विभिन्न वर्गों के विचारों को एक मंच पर लाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि व्यापक जनभागीदारी और संवाद के माध्यम से तैयार होने वाली अनुशंसाएं नागरिकों के हितों की सुरक्षा तथा न्यायसंगत एवं व्यवहारिक व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राध्यापक माधुरी गर्ग ने किया।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097







