इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ उज्जैन से देवास के बीच बस यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर अब अतिरिक्त भार पड़ने की बात सामने आ रही है। सामान्य बस का किराया 50 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये किए जाने का दावा किया जा रहा है। किराये में हुई इस बढ़ोतरी ने यात्रियों के बीच नाराजगी पैदा कर दी है। यदि कोई कर्मचारी रोजाना उज्जैन से देवास आना-जाना करता है और महीने में करीब 15 हजार रुपये कमाता है, तो बढ़े हुए किराये का सीधा असर उसके मासिक बजट पर पड़ेगा। दावा है कि जहां पहले आने-जाने के लिए करीब 3,000 रुपये मासिक खर्च होते थे, वहीं अब यह राशि बढ़कर लगभग 5,100 रुपये तक पहुंच सकती है।
किराये में करीब 70 प्रतिशत बढ़ोतरी का दावा
यात्रियों का कहना है कि सामान्य बस के किराये में एक साथ करीब 70 प्रतिशत की वृद्धि बेहद ज्यादा है। उनका आरोप है कि प्रदेशभर में बस किराये में इस तरह की बढ़ोतरी आम यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ाने वाली है। यात्रियों का सवाल है कि सार्वजनिक परिवहन का किराया बढ़ाते समय कम आय वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में क्यों नहीं रखा गया।
यात्रियों ने उठाए सवाल
किराया बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए रोजाना बस से सफर करना अब और महंगा हो जाएगा। हालांकि, किराया बढ़ोतरी के पीछे सरकार या परिवहन विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश, नई दरों की विस्तृत सूची और वृद्धि के कारणों की पुष्टि आवश्यक है। बिना आधिकारिक दस्तावेज के इसे किसी एक पक्ष की ओर से की गई बढ़ोतरी या बस ऑपरेटरों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप के रूप में निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता। यात्रियों की मांग है कि सरकार किराया वृद्धि की समीक्षा करे और आम लोगों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करने के लिए उचित कदम उठाए।
अन्य राज्यो की तुलना में बेतहाशा बढ़ोतरी
विभिन्न राज्यों सामान्य बसों के किराये से तुलना की जाए तो मध्यप्रदेश में वर्तमान में लागू की दरों के अनुसार सामान्य बसों का किराया ₹2.00 रुपये प्रति किलोमीटर है, जिसमें न्यूनतम किराया ₹10 तय किया गया है। हरियाणा और उत्तरप्रदेश में साधारण बसों का किराया लगभग ₹1.00 से ₹1.16 प्रतकिलोमीटर है। ओडिशा में सामान्य बसों के लिए लभगभग ₹0.92 किलोमीटर की दर लागू है। तमिलनाडु में साधारण बस सेवा के लिए लगभग ₹0.58 से ₹0.75 प्रति किलोमीटर का प्रावधान है।









