भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी की वर्तमान सियासत पर सोशल मीडिया के जरिए तंज कसा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने एमपी में बीजेपी सरकार के राज में चल रही सियासत पर करारा हमला बोला। इसमें खासतौर पर निमाड़ में एक बीजेपी विधायक के अपनी ही पार्टी के खिलाफ लामबंद होने पर चुटकी ली। इस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने सवाल भी किए, जिसके लिए सरकार से रुख साफ करने की अपील की गई, तो जानिय ये पूरी पोस्ट में आखिर क्या है।
उमंग सिंघार की पोस्ट शब्दश:
मध्यप्रदेश में आखिर चल क्या रहा है?
भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर अपनी ही पार्टी की केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के घर के बाहर भूख हड़ताल पर बैठने की बात कर रहे हैं। विधायक का आरोप है कि अधिकारी उनकी सुन नहीं रहे, शिकायतों के बावजूद CMO माया मंडलोई पर कार्रवाई नहीं हो रही और विकास कार्य ठप पड़े हैं।
यानी विधायक की मंत्री नहीं सुन रही, अधिकारी विधायक की नहीं सुन रहे और सरकार के भीतर ही कोई किसी की सुनने को तैयार नहीं! हो भी क्यों, जब मुख्यमंत्री न खुद किसी की सुनते है, न चलने देते हैं तो अधिकारी किसी की क्यों सुनेंगे?
यह सिर्फ धामनोद का विवाद नहीं, पूरी सरकार और भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी, वर्चस्व की लड़ाई और “मैं बड़ा” की राजनीति का भयावह चेहरा है।
जब सत्ताधारी दल के विधायक को अपनी ही सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल करनी पड़े, तो समझिए मध्यप्रदेश में शासन नहीं, सत्ता के भीतर संघर्ष चल रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, आपके इशारों और संरक्षण में चल रही भाजपा की इस आपसी खींचतान में मध्यप्रदेश की आम जनता पिस रही है।









