डेस्क। उमरिया जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
अनूपपुर से चित्रकूट जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास भरौला स्थित सिद्ध बाबा इलाके में हुआ। अर्टिगा कार (MP-18 ZE-9677) में सवार परिवार अनूपपुर जिले से चित्रकूट जा रहा था। कार में कुल छह लोग मौजूद थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया।
मृतकों में सरपंच और हेड कॉन्स्टेबल पत्नी शामिल
हादसे में तीन साल के रुद्र प्रताप, 22 वर्षीय खुशबू मार्को, 37 वर्षीय सरपंच कुलपत सिंह, उनकी पत्नी और हेड कॉन्स्टेबल सविता सिंह मार्को तथा प्रियंका सिंह की पहचान सामने आई है। पुलिस के अनुसार सभी अनूपपुर जिले के लीला गांव के रहने वाले हैं। परिवार खुशबू को परीक्षा दिलाने के लिए चित्रकूट लेकर जा रहा था।
घायल युवती को जबलपुर रेफर किया गया
पुलिस के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से घायल खुशबू मार्को की हालत बेहद नाजुक थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उसकी सांसें वापस लाईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। वहीं कार चालक भी घायल है, लेकिन सदमे में होने के कारण अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के बाद यह हादसा हुआ।
ये खबर भी पढ़ें..









