डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव। डिण्डौरी जिले के थाना करंजिया अंतर्गत ग्राम झनकी के साप्ताहिक बाजार में 23 अक्टूबर 2026 को लापरवाह वाहन चालक ने भीड़भाड़ वाले बाजार में अपनी गाड़ी से कई लोगों को कुचल दिया, जिससे दो बेकसूरों की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर मौके पर पहुंची पुलिस पर हमला बोलकर चौकी प्रभारी की सोने की चेन लूटने जैसी अराजकता भी सामने आई। डिण्डौरी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है।
अनियंत्रित ईको वाहन का तांडव, दो की मौत
झनकी के साप्ताहिक बाजार में एक ईको वाहन के चालक ने कथित तौर पर भीड़भाड़ के बीच गाड़ी घुसा दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दूसरे घायल ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में फैले आक्रोश के बीच पुलिस ने तत्परता दिखाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में साक्ष्य जुटाए गए। दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने आरोपी चालक सुरजीत मरावी (पिता परषोतम मरावी, उम्र 25 वर्ष, निवासी करौंदी रैयत) को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जिला जेल भेज दिया है।

चौकी प्रभारी की सोने की चेन लूट
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर चौकी प्रभारी, सहायक उपनिरीक्षक अतुल हरदहा अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनका उद्देश्य भीड़ को शांत कर कानून व्यवस्था संभालना था। पर कुछ अराजक तत्वों ने कानून को दरकिनार करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ईको वाहन में आग लगा दी।
बात यहीं नहीं थमी, उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात चौकी प्रभारी अतुल हरदहा को घेरकर मारपीट की और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और चेन बरामद
इस गंभीर अपराध पर पुलिस ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया। वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग और उपनिरीक्षक सुनील पटेल के नेतृत्व वाली टीम की सटीक दबिश के चलते, 27 अक्टूबर 2026 को मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ गणेश कुमार आर्मो (पिता स्व. हीरा सिंह आर्मो, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम परसवाह, थाना गाड़ासरई) को धर दबोचा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लूटी गई सोने की चेन सफलतापूर्वक बरामद कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां से उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।









