त्यौंथर रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के त्योंथर में घुसरूम से नौवस्ता तक सड़क निर्माण, जर्जर विद्युत केबिलीकरण बदलने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जनपद पंचायत सदस्य वेद प्रकाश तिवारी ग्रामीणों के साथ तीन दिनों तक आमरण अनशन पर बैठे रहे। प्रशासन के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने बदहाल सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखा विरोध दर्ज कराया।
तीसरे दिन एसडीएम और जनपद सीईओ ने मौके पर पहुंचकर वार्ता की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद आमरण अनशन समाप्त हो गया।
तस्वीरें त्योंथर क्षेत्र के घुसरूम-नौवस्ता मार्ग की हैं, जहां वर्षों से सड़क निर्माण न होने और जर्जर विद्युत केबिलीकरण से परेशान ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सदस्य वेद प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में आमरण अनशन शुरू किया था। आंदोलन के दौरान जब प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो ग्रामीणों ने कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई बार ज्ञापन और शिकायतें देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि आजादी के बाद से इस मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिन बाद एसडीएम राकेश चौरसिया और जनपद पंचायत सीईओ प्रवीण बांसोड मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद वेद प्रकाश तिवारी ने ग्रामीणों की सहमति से आमरण अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।









