भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े स्तर पर संगठनात्मक बदलाव किए गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तर प्रदेश में अपने प्रभारियों की टीम का पुनर्गठन करते हुए मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस का नया सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नीलांशु, सत्यनारायण को किया मुक्त
इस फेरबदल के तहत मध्यप्रदेश के दो वरिष्ठ नेताओं नीलांशु चतुर्वेदी और सत्यनारायण पटेल को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी पद से मुक्त कर दिया गया है। दोनों नेता लंबे समय से प्रदेश में संगठन को मजबूत करने, रणनीतिक गतिविधियों के संचालन और चुनावी तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे, लेकिन आने वाले वक्त में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर इनकी प्रदेश में भूमिका को बढ़ाया जा सकता है।
कांग्रेस का बड़ा कदम
कांग्रेस नेतृत्व के इस निर्णय को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नई टीम के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है। अगले साल होने वाले चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस का गठबंधन होने की संभावना जताई जा रही है, जिसको लेकर नए तरीके से रोडमैप के साथ कांग्रेस का आगे बढ़ने का यह बड़ा कदम माना जा रहा है।










