यूपी शासन का बड़ा प्रशासनिक फैसला
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के मकसद से 13 पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. शासन की ओर से जारी इस नई ट्रांसफर लिस्ट में कई जिलों के अपर ज़िलाधिकारी (ADM), मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO), उप ज़िलाधिकारी (SDM) और कई निदेशालयों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं. इस फेरबदल के ज़रिए कई अफ़सरों को फ़ील्ड में नई ज़िम्मेदारी सौंपी गई है, तो कई को शासन स्तर के निदेशालयों में भेजा गया है.
जिलों में किसे कहां मिली नई तैनाती?
स्थानीय प्रशासन की बात करें तो पवन कुमार को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक पद से हटाकर कुशीनगर का नया एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है. वहीं मऊ में मुख्य राजस्व अधिकारी के तौर पर काम कर रहे दिनेश को अब अयोध्या का एडीएम (नगर) नियुक्त किया गया है. कानपुर नगर में एडीएम (नगर) की भूमिका संभाल रहे आलोक कुमार गुप्ता को कासगंज में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बनाकर भेजा गया है, जबकि उनकी जगह मथुरा नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को कानपुर नगर का नया एडीएम (नगर) बनाया गया है.
इसी तरह, मथुरा में एसडीएम के पद पर तैनात कंचन को चित्रकूट में एडीएम (न्यायिक) और उपसंचालक चकबंदी की ज़िम्मेदारी दी गई है. शाहजहांपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी को मऊ का मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) बनाया गया है, जबकि भदोही में एसडीएम रहे भान सिंह को अजय त्रिपाठी की जगह शाहजहांपुर में अपर नगर आयुक्त की कमान सौंपी गई है.
निदेशालयों और विभागों में बड़ा बदलाव
चित्रकूट में एडीएम (न्यायिक) का पद संभाल रहे अरुण कुमार को लखनऊ स्थित मत्स्य निदेशालय में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) की ज़िम्मेदारी मिली है. इसके अलावा, प्रतापगढ़ के एसडीएम रहे जितेंद्र कटियार को लखनऊ में आयुर्वेद निदेशालय का उपनिदेशक (प्रशासन) बनाया गया है.
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की सचिव वंदिता श्रीवास्तव को प्रयागराज में उच्च शिक्षा निदेशालय का उपनिदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है. उनकी जगह चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक हिमांशु कुमार गुप्ता को बरेली विकास प्राधिकरण का नया सचिव बनाया गया है. दूसरी ओर, बरेली की एसडीएम निधि डोडवाल को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक की कुर्सी दी गई है. इसके साथ ही सूरज कुमार यादव को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद में विशेष कार्याधिकारी (OSD) के पद पर तैनात किया गया है.
कामकाज में कसावट लाने की कवायद
प्रशासनिक हलकों की मानें तो यह तबादला सूची ज़िलों और राज्य स्तरीय विभागों के कामकाज में संतुलन और तेज़ी लाने के उद्देश्य से तैयार की गई है. समय-समय पर प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस तरह की नियुक्तियां की जाती हैं, ताकि प्रशासनिक क्षमता का बेहतर इस्तेमाल हो सके.









