जबलपुर में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (PIB) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), भोपाल द्वारा मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में समय-समय पर 'वार्तालाप' कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाना है। इसी श्रृंखला के तहत जबलपुर में 'वार्तालाप' मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर PIB/CBC भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने बताया कि मध्य प्रदेश में कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में जबलपुर ने एक विशिष्ट स्थान हासिल किया है। शहर में वेस्ट-टू-एनर्जी और इंटीग्रेटेड गार्बेज प्लांट के सफल मॉडल से देश भर में जबलपुर की रैंकिंग में सुधार हुआ है।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञों ने पत्रकारों के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा 'विकसित भारत 2047' की संकल्पना को साकार करने के बारे में विस्तार से चर्चा की।









