श्योपुर/खबर डिजिटल/ श्योपुर जिले की विजयपुर जनपद पंचायत में प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष, संगठन के पदाधिकारियों और जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत के बाद कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजयपुर जनपद पंचायत के CEO दीपक धाकड़ को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर पवन घुरैया को विजयपुर जनपद पंचायत के CEO का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दीपक धाकड़ बीते कुछ समय से भाजपा के जिला महामंत्री के साथ विवाद और कथित कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा में थे। इन मुद्दों को लेकर भाजपा नेताओं ने प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी और कार्रवाई की मांग की थी।
ओबीसी महासभा ने की आंदोलन की घोषणा
वहीं, 14 अगस्त को ओबीसी महासभा ने दीपक धाकड़ के समर्थन में विजयपुर में आंदोलन करने की घोषणा की थी। हालांकि, आंदोलन के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले ही प्रशासन ने उन्हें CEO के पद से हटा दिया। कलेक्टर के इस फैसले के बाद विजयपुर क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
डिप्टी कलेक्टर को मिली जिम्मेदारी
अब डिप्टी कलेक्टर पवन घुरैया विजयपुर जनपद पंचायत की प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेंगे। प्रशासन के इस फैसले को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कांग्रेस भी मुद्दे को लेकर मैदान संभाल सकती है।









