राजगढ़/खबर डिजिटल/धर्मराज सिंह/ राजगढ़ जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के खारपरस गांव में चोरी के शक में एक युवक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, युवक को गर्म तार से दागने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं युवक के खिलाफ भी चोरी का केस दर्ज किया गया है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बांधकर पूछताछ करते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवक पर चोरी का शक था, जिसके चलते गांव के लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। वीडियो में युवक को गर्म तार से दागते हुए भी देखा जा सकता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं जिस युवक के साथ मारपीट हुई, उस पर भी चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजगढ़ के खारपरस गांव से सामने आए इस वीडियो ने कानून-व्यवस्था और भीड़तंत्र को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल कालीपीठ थाना प्रभारी जितेंद्र अजनारे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









