खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी-- वन्यप्राणियों के संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया गया।वन मंडल अधिकारी गर्वित गंगवार (भारतीय वन सेवा) एवं उप वन मंडल अधिकारी कटनी पूर्व जगदीश वासपे के निर्देशन में वन परिक्षेत्र कटनी द्वारा 1 से 7 अक्टूबर तक वन्यप्राणी सप्ताह मनाया गया। समापन अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व : चुनौतियां एवं संभावनाएं’ रखा गया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता, मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौतियों और उनके समाधान पर प्रकाश डाला।चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बाघ, तेंदुआ, हिरण सहित विभिन्न वन्यप्राणियों और उनके प्राकृतिक आवास को रंगों के माध्यम से उकेरा। चित्रों के जरिए जैव विविधता के महत्व और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।विजेताओं को किया सम्मानितप्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों की पारिस्थितिकी में भूमिका, वन्यजीव संरक्षण कानून, जैव विविधता की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी।विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं, ताकि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित हो सके।शिक्षकों और वन अमले का रहा सहयोगकार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संध्या बेन सहित शिक्षक डॉ. रामपद तिवारी, रमेश कुमार पटेल, राम सिंह बागरी, डॉ. परवीन खान, श्रीमती समिधा त्रिपाठी, विक्रम चतुर्वेदी, डॉ. असीम कुमार दत्ता, विजय कुमार कर, विनीत झरिया, उमेश लोधी एवं सुश्री शैलजा तिवारी का सहयोग रहा। आयोजन में वन परिक्षेत्र कटनी का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वन्यजीव संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलित सह-अस्तित्व को मजबूत बनाया जा सकता है।
वन्यप्राणी सप्ताह का समापन, विद्यार्थियों ने चित्रों और निबंधों से दिया संरक्षण का संदेश
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









