MLA Abhijeet Shah Join BJP : मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म होता जा रहा है। आगामी अप्रैल-मई में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों में हलचल तेज है और विधायकों के रुख पर नजर बनी हुई है।
संख्या बल, क्या है समीकरण?
मध्यप्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में भाजपा के पास 165 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 65 विधायक हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा को मतदान से रोक दिए जाने के बाद कांग्रेस के प्रभावी मतों की संख्या घटकर 63 रह गई है। वही निर्मला सप्रे सार्वजनिक तौर पर बीजेपी के पक्ष में है। ऐसे में एक राज्यसभा सीट के लिए आवश्यक 58 वोट के आधार पर भाजपा की दो सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं, जबकि तीसरी सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
अभिजीत शाह को लेकर अटकलें
इसी बीच टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीते महीनों पहले वे आरएसएस से जुड़े एक हिंदू सम्मेलन में शामिल हुए थे, जिसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव से पहले उनके पाला बदलने की संभावना को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी है। अभिजीत शाह, कैबिनेट मंत्री विजय शाह के भतीजे हैं, जिससे इन अटकलों को और बल मिल रहा है।
विधायक भैरों सिंह को लेकर भी अटकले
वहीं कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार का बयान भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे कांग्रेस में रहते हुए भी आरएसएस से जुड़े हैं।
तीसरी सीट पर टिकी नजरें
मौजूदा समीकरणों के बीच तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर असमंजस बना हुआ है। ऐसे में यदि किसी भी तरह का क्रॉस वोटिंग या दल-बदल होता है, तो चुनाव परिणाम प्रभावित हो सकते हैं और कांग्रेस अपनी बची कुची एक राज्यसभा सीट भी खो सकती है।









