MP Bjp: मध्य प्रदेश भाजपा में नियुक्तियों का दौर शुरू होते ही गुटबाजी और खींचतान की खबरें समाने आने लगी है। इंदौर में महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद को लेकर राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार और विधायक उषा ठाकुर के बीच तलवारें खिंच गई हैं। दोनों ही नेता अपनी पसंद के समर्थकों को संगठन में काबिज कराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं।
माया पटेल बनाम सीमा पटेल
सूत्रों के अनुसार, विवाद का मुख्य केंद्र जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित नाम हैं। सांसद कविता पाटीदार ने माया पटेल के नाम को मजबूती से आगे बढ़ाया है। तो वही विधायक उषा ठाकुर मानपुर की सीमा पटेल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिलाने पर अड़ी हुई हैं।
पुरानी तनातनी और विवाद
दोनों दिग्गज नेत्रियों के बीच यह मतभेद नया नहीं है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी इनके बीच खींचतान देखी गई थी। उषा ठाकुर की नाराजगी की एक बड़ी वजह यह भी मानी जा रही है कि चुनाव में बगावत करने वाले कुछ नेताओं को कथित रूप से संरक्षण दिया गया। कुछ समय पहले महू में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान शिलालेख पर कविता पाटीदार का नाम न होने पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसे उषा ठाकुर के साथ उनके बिगड़ते रिश्तों से जोड़कर देखा गया था।
अब तीसरे विकल्प की तलाश
विवाद बढ़ता देख भाजपा संगठन अब डैमेज कंट्रोल मोड में आ गया है। संगठन को डर है कि यदि यह खींचतान और बढ़ी, तो आने वाले समय में गलत संदेश जा सकता है। ऐसे में संतुलन बनाने के लिए दूसरी विधानसभाओं के नामों पर भी विचार शुरू हो गया है।
इनकी चर्चा तेज
देपालपुर : हेमलता डांगर और पूजा मंडोवरा
राऊ : किरण सूर्यवंशी और शारदा कुशवाह
सांवेर : पूजा यादव









