Datia By-Election: मध्यप्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में शुमार दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान हो चुका है। चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां सातवें आसमान पर पहुंच गई हैं। इस बार का मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है, क्योंकि सूत्रों के मुताबिक, दोनों ही प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस में उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन का दौर शुरू हो गया है।
कब होगा उपचुनाव?
6 जुलाई: उपचुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी और नामांकन की शुरुआत होगी।
13 जुलाई: नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख।
30 जुलाई: दतिया में मतदान होगा।
3 अगस्त: मतों की गिनती होगी और परिणाम घोषित होंगे।
क्यों खाली हुई दतिया सीट?
आपको बता दें कि साल 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया सीट से कांग्रेस के राजेन्द्र भारती ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, एक बैंक धोखाधड़ी मामले में कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद हाल ही में उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी, जिसके चलते यह सीट खाली हुई और अब यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
नरोत्तम मिश्रा का टिकट लगभग तय
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर अपने कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर ही भरोसा जताने जा रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में नरोत्तम मिश्रा बेहद कड़े मुकाबले में कांग्रेस के राजेन्द्र भारती से चुनाव हार गए थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नरोत्तम मिश्रा की क्षेत्र में मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी उन्हें फिर से मैदान में उतारने का मन बना चुकी है। यदि वे यह चुनाव जीतते हैं, तो उनकी मध्य प्रदेश की सत्ता में एक बार फिर धमाकेदार वापसी तय मानी जा रही है।
कांग्रेस से राजेन्द्र भारती के बेटे को मौका?
वही दूसरी तरफ, कांग्रेस के खेमे से भी बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों का कहना है कि सदस्यता गंवा चुके पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती के प्रभाव को बरकरार रखने के लिए कांग्रेस राजेन्द्र भारती के बेटे को चुनावी समर में उतार सकती है। भारती परिवार का दतिया में अपना एक मजबूत वोट बैंक है, ऐसे में कांग्रेस सहानुभूति कार्ड खेलते हुए उनके बेटे पर दांव लगाने की पूरी तैयारी में है।
दिग्गजों की साख दांव पर
दतिया का यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि यह भाजपा के नरोत्तम मिश्रा के लिए अपनी सियासी जमीन वापस पाने और कांग्रेस के लिए अपने गढ़ को बचाए रखने की बड़ी परीक्षा है। टिकटों की आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है, लेकिन सूत्रों की मानें तो दतिया की पिच पर मुकाबला मिश्रा बनाम भारती परिवार होने की पूरी संभावनाएं बन रही है।









