Petrol Diesel Loan: मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर जहां एक तरफ कांग्रेस आक्रामक है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के बड़े खेमे के अंदर से भी अब महंगाई के खिलाफ बगावती सुर उठने लगे हैं। खजुराहो सांसद व पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पत्नी डॉ. स्तुति मिश्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सूबे के सियासी गलियारों में एक नया बवंडर खड़ा कर दिया है। स्तुति मिश्रा ने देश में आसमान छूती पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर तंज कसते हुए आम जनता की मजबूरी और वैश्विक तेल संकट पर अपनी बेबाक राय साझा की है।
10% EMI पर मिलेगा फ्यूल : स्तुति मिश्रा
अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाने वाली स्तुति मिश्रा ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और ईंधन संकट को लेकर अपने आधिकारिक अकाउंट से एक पोस्ट किया। इस पोस्ट का लहजा पूरी तरह से व्यंग्यात्मक था, जिसने तुरंत ही इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर लीं। उन्होंने बढ़ती कीमतों पर चुटकी लेते हुए लिखा कि हम उस समय में है की वो दिन दूर नहीं की बैंक होम लोन, कार लोन, बिज़नेस लोन के साथ पेट्रोल और डीजल लोन भी उपलब्ध कराएगा 10% ईएमआई के साथ। ये दौर बड़ा ख़राब है इतिहास का, लड़ाई किसी की, युद्ध किसी का नुक़सान आम जानता का।

कांग्रेस को मिला बैठे-बिठाए मुद्दा
दरअसल, स्तुति मिश्रा मध्य प्रदेश भाजपा के सबसे बड़े चेहरों में से एक वीडी शर्मा की धर्मपत्नी हैं, इसलिए उनके इस पोस्ट के सामने आते ही भोपाल से लेकर दिल्ली तक के सियासी वॉट्सऐप ग्रुप्स और सोशल मीडिया हैंडल्स पर हड़कंप मच गया। कांग्रेस ने इस पोस्ट को हाथों-हाथ लपक लिया है। कांग्रेस प्रवक्ताओं का कहना है कि जब सत्तापक्ष के सबसे बड़े नेताओं के घरों के अंदर से महंगाई के खिलाफ ऐसी आवाजें उठ रही हैं, तो यह साफ है कि देश की आर्थिक नीतियां पूरी तरह विफल हो चुकी हैं और अब अपनों ने ही आईना दिखाना शुरू कर दिया है।









