जबलपुर/खबर डिजिटल/मनीष तिवारी/ जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो-तीन पर दरभंगा एक्सप्रेस से कुछ महिला यात्री सामग्री लेने के लिए उतरी थीं। ट्रेन चलने पर जब उन्होंने वापस चढ़ने का प्रयास किया, तो संतुलन बिगड़ने के कारण एक महिला नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतिका की पहचान सुतिया, दरभंगा बिहार निवासी 50 वर्षीय परमशीला देवी के रूप में हुई है, जो मुंबई से बिहार की यात्रा कर रही थीं। जीआरपी द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद जीआरपी ने यात्रियों से पुनः अपील की है कि वे किसी भी जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसे हादसों को रोकने के लिए स्टेशन पर लगातार जागरूकता अभियान और घोषणाएं की जाती हैं।









