इंदौर/खबर डिजिटल/नरेन्द्र महावर/ पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में यात्रियों की सहायता और मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। सूरत से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 12925 में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में नवजात बच्ची को जन्म दिया। रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सहयात्रियों के सहयोग से प्रसूता एवं नवजात को समय पर सहायता उपलब्ध कराई गई।
जनसंपर्क अधिकारी ने दी जानकारी
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन रतलाम से खाचरोद के बीच चल रही थी। इसी दौरान एक यात्री ने सूचना दी कि एस-6 कोच के शौचालय में एक महिला को प्रसव पीड़ा हुई और वहीं प्रसव हो गया।
महिला यात्री को दी आवश्यक सहायता
सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित कर्मचारी तत्काल एस-6 कोच में पहुंचे और महिला को आवश्यक सहायता प्रदान की। घटना की जानकारी तुरंत सीएमआई/सीसीओ रतलाम को दी गई। कोच में मौजूद यात्रियों के सहयोग से प्रसूता महिला और नवजात बच्ची के लिए सूखे कपड़े एवं कंबल की व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें प्राथमिक राहत मिल सकी।
सूचना मिलते ही किया आवश्यक इंतजाम
इसके बाद खाचरोद रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर और अन्य कर्मचारियों को पहले ही सूचना देकर आवश्यक इंतजाम किए गए। ट्रेन के खाचरोद पहुंचते ही प्रसूता महिला, उसकी नवजात बच्ची और महिला के ससुर को रेलवे कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित ट्रेन से उतारा गया। इसके पश्चात उन्हें तत्काल आवश्यक चिकित्सा उपचार के लिए भेज दिया गया।
मां और नवजात को मिली सुरक्षित सहायता
रेलवे की त्वरित कार्यवाही, कर्मचारियों की सजगता और सहयात्रियों की मानवीय मदद से मां और नवजात बच्ची को सुरक्षित सहायता मिल सकी। यह घटना पश्चिम रेलवे की यात्री सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।









