काशी/खबर डिजिटल/काशी के मणिकर्णिका घाट पर विकास कार्य किए जा रहे हैं, इसी बीच एक नया सियासी विवाद छिड़ गया, क्योंकि जीर्णोद्धार के दौरान मां अहिल्या की प्रतिमा को खंडित करने का आरोप लगाया गया था, जिस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी पहुंचकर करारा पलटवार किया। हालांकि वो इस दौरान मणिकर्णिका घाट नहीं गए और सर्किट हाउस में ही मीडिया से बातचीत की।
सीएम योगी का कांग्रेस पर निशाना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस बार-बार देश की धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मठों और मंदिरों से जुड़े विवाद खड़े कर सनातन परंपरा को मानने वाली जनता को भ्रमित किया जा रहा है।साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वविख्यात काशी में माता अहिल्याबाई के सम्मान पर भी आंच पहुंचाने की कोशिश हुई है। उनका आरोप था कि कांग्रेस ने कभी भी देश की सांस्कृतिक विरासत का आदर नहीं किया, और न ही अपने शासनकाल में विकास को प्राथमिकता दी। सीएम योगी ने यह भी कहा कि आज जब देश और विशेष रूप से काशी विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है, तब जानबूझकर बाधाएं खड़ी की जा रही हैं।
कांग्रेस पर सीएम योगी का तंज
सीएम योगी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के समय भी इसी तरह का माहौल बनाया गया था। उस दौर में जिन लोगों ने विरोध किया, वे आज उसी कॉरिडोर में जाकर सहज रूप से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर विकास से पर्यटन और रोजगार को गति मिली है, जिसे पूरा देश देख और समझ रहा है, लेकिन कांग्रेस इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रही है।
सीएम योगी ने किए काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन
मीडिया से चर्चा करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकाशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना की, जिसके बाद वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान सीएम के संभावित घाट निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क मोड में रहा।









