Foreign affairs: अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी (Mass Shooting) करने की कथित साजिश सामने आने के बाद भारत ने चिंता जताई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप गंभीर चिंता का विषय है। मंत्रालय ने अमेरिका में भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की है। भारत का कहना है कि अमेरिका में नस्लीय नफरत और भारतीयों के खिलाफ बढ़ती घृणा से जुड़ी चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
हिंदू-विरोधी और नस्लवादी साजिश पर भारत ने जताई चिंता
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इलिनोइस के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में हिंदू-विरोधी और नस्लवादी सोच के साथ भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात सामने आना बेहद चिंताजनक है।
जायसवाल ने कहा कि भारत इस मामले से जुड़ी खबरों को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। उनके मुताबिक, यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर पहले से मौजूद चिंताओं को और बढ़ाती है।
Foreign affairs: नफरत से प्रेरित हिंसा पर सख्त कार्रवाई की मांग
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने इस मामले में अमेरिकी अधिकारियों की ओर से की गई कार्रवाई और संदिग्ध की गिरफ्तारी पर ध्यान दिया है। हालांकि, मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
भारत ने अमेरिका से नफरत के कारण होने वाली हिंसा के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और ऐसे मामलों में निर्णायक कार्रवाई करने की अपील की है। मंत्रालय का कहना है कि भारतीय मूल के लोगों और हिंदू समुदाय की सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की कथित साजिशों को समय रहते रोका जा सके।
मामले की गहन जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग
Foreign affairs: भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारियों से पूरे मामले की गहराई से जांच करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों को कानून के मुताबिक सजा दिलाने की मांग की है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उम्मीद जताई कि अमेरिकी अधिकारी मामले के सभी पहलुओं की जांच करेंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।
गौरतलब है कि इलिनोइस के ऑरोरा में हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी करने की कथित साजिश के मामले में 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस की गिरफ्तारी के बाद भारत की यह प्रतिक्रिया सामने आई है। इस मामले ने अमेरिका में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और भारतीय समुदाय के खिलाफ कथित नफरत को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें: CJP के प्रदर्शन से पहले हाईकोर्ट पहुंचे कनॉट प्लेस के दुकानदार, दिल्ली पुलिस ने कही ये बात







