भारतीय सिनेमा के बेहतरीन और दिग्गज अभिनेताओं में शुमार नाना पाटेकर 75 वर्ष की उम्र में गोवा स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है.
पांच दशकों तक अपनी कड़क आवाज़ और बेमिसाल अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले नाना पाटेकर अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी सादगी के लिए भी जाने जाते हैं. पर्दे पर कई यादगार किरदार निभाने वाले नाना पाटेकर की कुल संपत्ति की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 50 से 80 करोड़ रुपये के आसपास आंकी जाती है.
करोड़ों रुपये की संपत्ति होने के बावजूद नाना पाटेकर का जीवन बेहद साधारण रहा है. उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा मुंबई के अंधेरी स्थित अपने 750 स्क्वायर फीट वाले 1 BHK फ्लैट में ही बिताया. उन्होंने दशकों पहले यह घर महज 1.1 लाख रुपये में खरीदा था. अपनी मां के निधन के बाद भी वे इसी घर में सादगी के साथ रहे. उनका मानना था कि उनकी जरूरतें कभी बहुत ज्यादा नहीं रहीं. हालांकि, इसके अलावा पुणे के खड़कवासला में उनका 27 एकड़ का एक बड़ा फार्महाउस भी है, जहां वे खुद खेती करते थे और फसल से होने वाली कमाई को वहां काम करने वाले किसानों में बांट देते थे. इसके अलावा उनके पास ऑडी Q7 और महिंद्रा स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियां भी मौजूद रही हैं.
1 जनवरी 1951 को महाराष्ट्र के मुरुड-जंजीरा में जन्मे विश्वनाथ पाटेकर (नाना पाटेकर) का शुरुआती दौर काफी संघर्षों भरा रहा. महज 13 साल की उम्र में परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उन्होंने फिल्मों के पोस्टर पेंट करके रोजाना 35 रुपये कमाए. जीवन में कई निजी दुखों का सामना करने के बावजूद उन्होंने 1978 में फिल्म 'गमन' से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की. इसके बाद 'परिंदा', 'क्रांतिवीर', 'अपहरण', 'वेलकम' और 'नटसम्राट' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई.
अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए उन्हें 3 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और 2013 में 'पद्म श्री' सम्मान से नवाजा गया. सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, नाना पाटेकर अपनी दरियादिली और समाज सेवा के लिए भी जाने जाते हैं. महाराष्ट्र में सूखे के समय उन्होंने पीड़ित किसान परिवारों की व्यक्तिगत तौर पर आगे आकर आर्थिक मदद की थी.







